मंगलवार, 20 मार्च 2018

अपनी नादानी पर

अपनी नादानी पे नादान अड़ा रहता है
सिर्फ़ अपनी ही नज़र में वो बड़ा रहता है ।

क्या इरादा है समझ खुद नहीं पाता अक्सर,
इसलिए दूर, अकेला ही खड़ा रहता है ।
   सूबे सिंह सुजान

रविवार, 18 मार्च 2018

ग़ज़ल,कविता को मुकाबला करना होगा बच्चों में बढ़ती नशे,व्यसनों के बढ़ते दुराचारों के साथ । अदबी संगम कुरूक्षेत्र की काव्य गोष्ठी में उपस्थित शायर कवि ।

आज दिनांक 18 मार्च 2018को नवसवंत्सर वर्ष के शुभ अवसर पर अदबी संगम कुरूक्षेत्र की मासिक काव्य गोष्ठी डॉ बृजेश कठिल जी की मेजबानी में और प्रो महेन्द्र पाल माथुर जी की अध्यक्षता में हुई ।

काव्य गोष्ठी में कवियों ने नव वर्ष पर व सामयिक मुद्दों पर रचनाओं का पाठ किया ।
जिनमें सर्वप्रथम करनैल खेड़ी ने कहा ये ग़ज़लें,ये नज़्में मेरा तजुर्बा हैं,ये मैंने कोई सपनों में नहीं देखी ।

डॉ शकुंतला शर्मा ने हरियाणवी गीत में हरियाणवी संस्कृति का कुछ यूँ बयान किया  ध्यान लगा कै सुणियो रै, सै बात या ध्यान लगाणे की ।
देसी खाणा,देसी बाणा  , मैं छोरी सूँ हरियाणे की ।

रत्न चंद सरदाना जी ने वर्तमान व्यस्त व मशीनी जीवन पर तंज कसते हुए एक पिता के दर्द को बयान करते हुए कहा - ख़प गई जवानियाँ बच्चों के नाम पर ।
अँधेरे में चल रहे लाठियों को थाम कर ।।

पंजाबी कवि दीदार सिंह कीरती ने वर्तमान संदर्भों पर अपनी कविता में करारा व्यंग्य कसते हुए कहा - डंगर बहुत आवारा फिरदे,जिधर देखो गाँ ही गाँ,  और सरकारी लोग गाँ नहीं कहते,कहते भाषण विच माँ ही माँ ।

कस्तूरी लाल शाद जी ने कहा -अपनों का ही भरोसा देता रहा है धोखा, सीमा का हर प्रहरी लगता ठगा ठगा है ।

ओम प्रकाश राही जी ने देश भक्ति पर रचना पढ़ते हुए गीत गाया - राही कफ़न तिरंगे वाला,चूम चूम कर गाती माँ ।
अगर और इक बेटा होता वतन पे उसे लुटाती माँ ।

संजय कुमार मित्तल ने कविता में कहा -

हे भारत माँ नमस्ते,नमस्ते नमस्ते
और मैं तुमको क्या दूँ,देने को है ही क्या मेरे पास
स्वीकार करो मेरी नमस्ते नमस्ते नमस्ते ।

उर्दू शायर जनाब शमीम हयात ने ग़ज़ल के खूबसूरत शेर पढ़ते हुए कहा - एक दिन उसको देखा संवरते हुए
जितने चेहरे थे सब आइने हो गए ।

डॉ संजीव अंजुम ने जिंदगी की सादगी और हकीकत पर शेर पढ़ते हुए कहा -

दिल से होकर ज़ीस्त की जागीर में शामिल हुआ
क़िस्सा ए ग़म यूँ मेरी तक़दीर में शामिल हुआ ।

डॉ बृजेश कठिल जी ने अपनी वस्तुस्थिति कविता में एक कर्मचारी के रिटायर्ड होने पर घर बनाने की व्यथा पर ,उसके बुढ़ापे के संघर्ष की कहानी को कविता में पिरोते हुए कहा -

साठ बरस की उम्र में घर बनाना,
दुस्साहस तो है , मगर उसने बनाया ।

अपनी नई ग़ज़ल में सूबे सिंह सुजान ने कहा -

उनके कहने से जो हर बात सही होती है
तो मैं ये समझूँ के सब उनकी कही होती है

हम जिसे जाँच परख़ देख रहे होते हैं
बाद उसके भी परख़ बाक़ी रही होती है ।

इसके अलावा अन्य शायर,कवियों में डॉ श्रेणिक लुंकड़ बिम्बसार, गंगा मलिक ने भी काव्य पाठ किया ।




शुक्रवार, 16 मार्च 2018

आओ बदलें मुशायरों से माहौल व समाज को दें सही दिशा

हमारे अभी कुछ पुराने समय में , ज्यादा दिनों की बात नहीं है हमारे शहरों कुरूक्षेत्र,अम्बाला,पानीपत हिसार और उधर पंजाब के साथ साथ पूरे देश में भी बहुत ऐसे शहर रहे हैं जहाँ साहित्य क्षेत्र में बहुत नामी काम होता रहा था
इन शहरों की  जमीन ने बहुत अच्छे शायर,लेखक,कलाकार,गायक दिये हैं ।
क्या हमें नहीं लगता कि इन शहरों ,देश में पुनः साहित्यिक गतिविधियों का परचम लहराये व समाज को विचारक बनाया जाए न कि वाजिब बात पर भी मखौल किया जाए ।

वरना आजकल के दौर में कवि सम्मेलन में बाज़ लोग चुटकले सुनाकर शायर कहलाते हैं और मोटी रकम ले उड़ते हैं वे गिरोह के रूप में काम करते हैं जबकि हमारे शुद्ध साहित्यिक लोग पाई पाई को तरसते रहते हैं ।

तो आइये आगे बढ़कर बनाइये अच्छा माहौल ।
बच्चों को नशे के बढ़ते कारोबार से बचाकर कविता,ग़ज़ल,कहानियों की तरफ ले चलें ।

इधर कुरूक्षेत्र में अदबी संगम कुरूक्षेत्र पिछले 40 बरसों से साहित्यिक गतिविधियों में काम करता आ रहा है अनेकों शायर,कवि लेखक,कलाकार इस माहौल ने पैदा किए अदबी संगम समाज की चहल पहल से,चकाचौंध से दूर रहकर अपनी हाथी की मदमस्त चाल से चलता रहा न किसी सरकारी मदद का मोहताज रहा न कभी किसी सरकारी अधिकारी, अकादमी ने वाजिब मदद दी बस कवि लोग स्वयं का खर्च करते रहे और साहित्य को रचते रहे,लगातार संगोष्ठी करते रहे ।
 इस संस्था की जड़ों को रोपने व वृक्ष बनाकर फलों तक लाने की फेहरिस्त में कुछ चुनिंदा नाम ध्यान में आते हैं जैसे कृष्ण चंद्र पागल, दोस्त भारद्वाज,डॉ एस पी शर्मा "तफ़्ता " "ज़ारी " डॉ हिम्मत सिंह सिन्हा "नाज़िम " डॉ के के ऋषि, डॉ दिनेश दधीचि, बाल कृष्ण बेज़ार, कस्तूरी लाल शाद,डॉ बृजेश कठिल , डॉ लुंकड़,आदि अनेकों नाम हैं

शुक्रवार, 2 मार्च 2018

होली में हुडदंग किसी को करे तंग, किसी को करें रंग रंगीन।

होली खेलने के सबके अपने अपने मज़े हैं  यह मौसम परिवर्तन का र्योंहार है हम मौसम के परिवर्तन को प्रकट करने, आत्मसात करने के लिये हर अवसर पर त्योंहार के रूप में मनाते आये हैं यही संस्कृति का निर्माण करते हैं हमारी भारतीय संस्कृति इन्हीं त्योंहारों की परिपाटी रही है ।

                                                                                   लेकिन वर्तमान समय में होली खेतने से बहुत लोगों को डर भी लगने लगा है ऐसा क्यों हो रहा है यह हमें सोचने को विवश करता है और यदि हम मनुष्य हैं तो हमें सोचना भी चाहिये, वर्तमान समय में परेशानी का सबब यह होता जा रहा है कि हमने सोचना ही बंद कर दिया है यह सबसे खतरनाक़ है ।

                                              ताजा घटना दिल्ली में लड़कियों पर होली के बहाने वीर्य के गुब्बारे फेंकना किस सोच को दर्शाता है औकर क्या ये लड़के हमारे उन्हीं घरों के नहीं हैं , जिन घरों की वे लड़कियां हैं क्या इन लड़कों की बहनें नहीं हैं, क्या इन लड़कों के माता पिता नहीं हैं क्या ये लड़कियां जो शिकायत कर रहीं हैं ये अपने भाइयों को टोकती हैं ऐसी वारदातों के समय,  बहुत से और भी प्रश्न हैं जिनके जवाब हमें स्वयं से पूछने हैं और बार बार पूछने चाहियें ।

दूसरी बात मैं यह कहना चाहता हूँ कि हमारे समाज की सोच में लड़कियों में हो या पुरूषों में अमीर की सोच अलग व गरीब की सोच अलग हो जाती है दिल्ली की बहुतायत लड़कियों को मैट्रो में देखता हूँ कि वे सामाजिक मुद्दों पर विरोध करने वाली लड़कियों का बहुत कम साथ देती हैं  क्योंकि वे सोचती हैं की यह विरोध करना,सामाजिक मुद्दों पर बात करना मिडिल क्लास का काम है। उनकी जिंदगी में ऐसे मुद्दों को सहजता से अपना लिया जाता है और विरोध करने वालों को मिडिल क्लास का दर्जा देकर उन्हें ही नीचा दिखाया जाता है अमीरों द्वारा जिस कारण जिन मुद्दों पर सार्थक बातचीत होनी चाहिये वह हो नहीं पाती ।हमें समाज को एक सोच का बनाना होगा। सबसे पहले शिक्षा को एक करना होगा हर वर्ग के बच्चों हर प्रकार के स्कूलों में प्रवेश देना होगा महंगी शिक्षा का समूल निपटान जरूरी है।
                                                                                      सूबे सिंह सुजान

मंगलवार, 27 फ़रवरी 2018

लघुकथा (बुरा व्यक्ति )

लघुकथा       ( बुरा व्यक्ति) 




कपिल आज स्कूल के बहुत से कामों में व्यस्त था लगभग हर काम को पूरा करने की हमेशा कोशिश करता आया है ।
स्कूल में स्टाफ की कोई कमी नहीं थी लेकिन हैड मैडम को जो काम जरूरी करना होता था वह समय पर काम को भूल जाती तो भी कपिल बिना कहे कर देता था ।
कपिल की यह आदतें इतनी बुरी भी हो सकती हैं उसने सोचा नहीं था ।

एक दिन स्टाफ सदस्यों में से एक मैडम ने बिना वजह उसको बुरा कहना शुरू कर दिया तो स्टाफ के सभी सदस्य कुछ न बोले और इसे उसका निजि मामला बताने लगे वह सबसे गुहार लगा रहा था कि आप सब एक परिवार के सदस्य हैं मेरी गलती हो तो बताओ ।
लेकिन सब अपने यह निजी मामला बताने लगे कपिल यह सोचकर पागल हो रहा था कि उसका कसूर क्या है उसे समझ नहीं आ रहा था एक दिन उसे स्कूल का काम करते हुए रजिस्ट्रर रिकार्ड में पेज चिपकाये पाये जिनमें उस मैडम के पति की कमियों का जिक्र था जो रेजुलेशन कपिल ने डाला था तब उसकी समझ में आया कि यह मुझे बुरा क्यों कहा जा रहा था ।
हमारे समाज के जागरूक शिक्षकगण चुप थे । वह अकेला स्वयं को साफ करने की लड़ाई लड़ रहा था । वे उसकी बातें बना बनाकर मजे ले रहे थे ।



सूबे सिंह सुजान,कुरूक्षेत्र,हरियाणा 

मोबाइल : 9416334841


काफिया,रदीफ पर बहुत कम शब्दों में जानकारी

कविता लिखने वाले नव कवियों को प्रारंभिक स्तर पर ध्यान देने योग्य बहुत थोड़ी सी बातें ।


कविता को पहले पहल तो अपने वैचारिक स्तर पर ठीक होना ही चाहिए ।बस थोड़ा बार बार दूसरों को पुराने,नये अच्छे कवियों को पढ़ें । कविता की गतिशीलता,लयात्मकता को आत्मसात करें ।

तुक या काफिया क्या है यह थोड़ा समझना चाहिए ।

जैसे पंक्तियों के अंत में हम जो लय मिलाते हैं 

आघात ।
बाप ।।
?
यह सही नहीं है 

आघात के साथ 
बात,रात,बरसात सही हो सकते हैं ।

उर्दू में हम काफिया कहते हैं जिसमें लय को निर्धारित किया जाता है और जो लयात्मक शब्द के पीछे शब्द होते हैं उन्हें रदीफ कहते हैं अर्थात जो काफिया के पीछे बार बार प्रयोग होते हैं ।
जैसे -..

मेरा शेर है 

मौसम बहुत खराब है थोड़ा संभल के चल 
चेहरा तेरा गुलाब है थोड़ा संभल के चल ।
खबरें बहुत बुरी बुरी पढ़ने में आ रही 
दुनिया हुई खराब है थोड़ा संभल के चल ।

यहाँ खराब,गुलाब,खराब निम्न शब्द काफिया हैं जो लय निर्धारित करते हैं ।
इनके पीछे के शब्द जो पुर्ावृति करते हैं "है थोड़ा संभल के चल "

यह रदीफ कहलाती है ।

खैर फिलहाल इतना सीखो,अभ्यास करो 
फिर और बताऊंगा।

सूबे सिंह सुजान

सोमवार, 12 फ़रवरी 2018



कुरूक्षेत्र :- अदबी संगम कुरूक्षेत्र व सार्थक साहित्य मंच कुरूक्षेत्र का सांझा कवि सम्मेलन आज प्रेरणा वृद्ध आश्रम,आकाश नगर,सलारपुर रोड ,कुरूक्षेत्र में श्री सी आर मौद्गिल की अध्यक्षता में हुई ।


आज के कवि सम्मेलन में शशि किरण जी दिल्ली से मुख्य अतिथि रही । शहर के व्यापारी और समाजसेवी श्री जय भगवान सिंगला जी ने सभी का स्वागत किया । कार्यक्रम का संचालन शायर शमीम हयात जी ने किया ।


सर्व प्रथम श्री रत्न चंद सरदाना जी की काव्य पुस्तक "मस्त मस्त हरियाणा " का विमोचन किया गया ।


कवि सम्मेलन में कविता पाठ करने वाले कवियों में गायत्री कौशल आर्य, शकुंतला शर्मा , डॉ बृजेश कठिल, अन्नपूर्णा,डॉ बलवान सिंह , सुधीर ढांढा , करनैल खेड़ी , दीदार सिंह कीरती, आर के शर्मा, कस्तूरी लाल शाद, ममता सूद, जय भगवान सिंगला, सूबे सिंह सुजान, गुलशन ग्रोवर , जीवन बख़्शी, कविता रोहिला, रत्न चंद सरदाना, शमीम हयात , ओम प्रकाश राही, डॉ सी डी एस कौशल, डॉ रोहताश गुप्ता, रेणु खूगर, राजकुमार सैनी ,मोती राम तुर्क, संजय मित्तल,गंगा मलिक, मीना कोहली,इन्दु थापर, सभी ने अपनी बेहतरीन कविता को सुनाया ।


इसके बाद केशव मेहता की टेली फिल्म "यादें 1947" का पर्दशन किया गया सबको दिखाई गई जिसका उद्घाटन बटन दबा कर जिला उपायुक्त सुश्री सुमेधा कटारिया जी ने किया ।

जिसमें भारत विभाजन की रक्तरंजित यादें दर्शायी गई हैं ।

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

लौटना

                                  लौटना  
लौटना तो होगा ही
घर से , दफ़्तर
दफ़्तर से घर,
जिंदगी का सफर.........
लौटना तो होगा ही..

तुम नहीं भी लौटना चाहो
लेकिन लौटना तो होगा ही।

गुरुवार, 1 फ़रवरी 2018

महँगाई का रोना छोड़ दें ।

जिन लोगों के पास कार है और रोज पैट्रोल के लिये पैसे हैं , जो लोग चार महीनों में मोबाइल बदल लेते हैं , जो लोग महँगे से महँगा सोने का आभूषण खरीदते हुये थोड़ा सा भी घबराते नहीं,  वे लोग अनाज, सब्जियों , दालों के रेट पर रोते देखे जाते हैं ।

                                            देश के लिये , देश की जनता के लिये  महँगाई पर रोना छो़ड़ दें ।
क्योंकि जो व्यक्ति आपको जीवन जीने का पहला संसाधन , रोटी, कपड़ा , मकान देता  है आप सबसे कम कीमत उसको दे रहे हैं  अपने अंदर झाँक कर देखिये सच से आँखें मिला कर देखिये।

शनिवार, 27 जनवरी 2018

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कवि सम्मेलन व तफ्ता जारी की पुस्तक दर्द का रिश्ता व अदबी संगम कुरूक्षेत्र की पुस्तक काव्यांजलि का विमोचन हुआ।

जिला प्रशासन कुरुक्षेत्र द्वारा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पंचायत भवन कुरुक्षेत्र में कवि सम्मेलन मुशायरा का आयोजन किया गया जिसका विधिवत से उद्घाटन कुरुक्षेत्र उपायुक्त सुश्री सुमेधा कटारिया जी ने किया । कवि सम्मेलन का संचालन कैथल से पधारे डॉ प्रदुमन भल्ला ने किया ।
मुख्य अतिथि सुश्री सुमेधा कटारिया जी रही और विशिष्ट अतिथि के रूप में सी. टी. एम. श्री कंवर सिंह जी और डी.डी.पी. ओ. श्री कपिल शर्मा जी रहे।
अन्य कवियों में दिनेश बंसल पूंडरी से ,गुलशन ग्रोवर अदबी संगम के उपप्रधान,डॉक्टर संजीव अंजुम सचिव अदबी संगम कुरूक्षेत्र,सूबे सिंह सुजान ,कोषाध्यक्ष अदबी संगम कुरूक्षेत्र , गायत्री कौशल ,डॉ बलवान सिंह ,सुधीर डांडा ,ममता सूद ,कविता रोहिल्ला डॉक्टर शकुंतला शर्मा, डॉक्टर के के ऋषि, ओमप्रकाश राही ,दीदार सिंह कीर्ति, मोतीराम तुर्क,डॉ राकेश भास्कर , योगेशवर जोशी,सुधीर, बी एल अरोड़ा,आर के शर्मा,करनैल खेड़ी आदि कवियों ने अपनी देशभक्ति से परिपूर्ण रचनाएं पढ़ी । डॉ के के ऋषि ने अपनी उर्दू ग़ज़लों से सबका मन मोह लिया ।उसके बाद उन्होंने डॉ सत्य प्रकाश तफ़्ता ज़ारी की ग़ज़ल पढ़ी क्योंकि तफ़्ता ज़ारी जी की हालत बहुत नाजुक होने के कारण उनकी नयी पुस्तक से उनकी ग़ज़ल डॉ के के ऋषि ने पढ़ी ।
डॉ बलवान सिंह ने देशभक्ति कविता सुनाकर व सुजान ने देशभक्ति गीत सुनाकर,संजीव अंजुम ने ग़ज़ल,गायत्री कौशल आर्य ने कविता से सबको तालियाँ बजाने पर मजबूर किया ।

इसके साथ ही इस अवसर पर सुश्री सुमेधा कटारिया के कर कमलों से डॉ सत्य प्रकाश तफ़्ता ज़ारी का गजल संग्रह "दर्द का रिश्ता"का व अदबी संगम कुरूक्षेत्र का पांचवा सांझा काव्य संग्रह "काव्यांजलि" का विमोचन सुश्री सुमेधा कटारिया जी के कर कमलों से हुआ ।
जिसमें अदबी संगम कुरूक्षेत्र के रचनाकारों, कवियों की प्रतिनिधि रचनाएं शामिल हैं इस अवसर पर सुश्री सुमेधा कटारिया जी ने सभी कवियों को सम्मानित किया और धन्यवाद करते हुए ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया उन्होंने कहा कि फेसबुक,सोशल मीडिया के समय में हमारी पुस्तक संस्कृति पर गहरा असर पड़ा है हमें कोशिश करनी होगी कि इस दौर में पुस्तक संस्कृति बनी रहे ,बच्चों से पुस्तकें दूर ना हटे पुस्तकें हमारी सबसे बड़ा मित्र होती हैं ।


शनिवार, 13 जनवरी 2018

परिचय

    परिचय
 हम परिचित व अपरिचित को
बिना मांगे ही बेहद झूठा
अपना परिचय देते हैं

यह जानते हुए भी कि सामने वाले को पता है कि तू झूठा कह रहा है ।
फिर भी हम बढ़ चढ़ा कर अपन परिचय देने में लगे रहते हैं

सबको,सबका,सब पता है ।
फिर भी .....

सूबे सिंह सुजान 

गुरुवार, 2 नवंबर 2017

लोग सारे जमा हो गये
इसलिये हादसा हो गये
सच यहाँ बोलते बोलते
लोग मुझसे खफ़ा हो गये  

SUBE SINGH SUJAN

मंगलवार, 12 सितंबर 2017

जबसे रहता हूँ मैं सयानों में ग़ज़ल



ग़ज़ल
जबसे रहता हूँ मैं सयानों में
दर्द होने लगा है कानों में

आँख वालों ने देखना था ये
अंधे राजा हुए हैं कानों में

सारे शब्दों ने अर्थ बदले हैं
क्या भरें आज रिक्त स्थानों में

अब तो दिन रात गर्मी लगती है
आ गये हम नये मक़ानों में

सारी सड़कें भरी भरी रहती
कौन रहता है आशियानों में

आइये आँख खोल लेते हैं
हुस्न देखा कंई जमानों में

खूब क़ानून की समझ आयी
लोग हर रोज जाएं थानों में

वक्त रहते नहीं समझ पाते
ऐसी बीमारी है जवानों में

बेवफ़ा से वफ़ा की है उम्मीद
रहते हो आप किन जमानों में

दर्द सारा उड़ेल देता हूँ
आपके सामने,तरानों में

चल चलें, अब यहाँ से चलते हैं
दम घुटा जाए कारखानों में ।

ऐ परिन्दों जरा तुम्हीं झुकना
आदमी भी है आसमानों में ।

सूबे सिंह सुजान

बेज़ार साहब का शेर

जानता हूँ मैं तैरना,फिर भी ,
तेरी आँखों में डूब जाता हूँ ।
बाल कृष्ण बेज़ार

कुरूक्षेत्र के मशहूर उर्दू शायर श्री बाल कृष्ण बेज़ार साहब 9सितम्बर को दुनिया छोड़ गये


कुरूक्षेत्र :- कुरूक्षेत्र में उर्दू अदब की पैंतीस साल पुरानी संस्था के संस्थापक सदस्यों में से एक व वर्तमान में अदबी संगम कुरूक्षेत्र के प्रधान श्री बाल कृष्ण बेज़ार साहब हमारे बीच नहीं रहे ।
बाल कृष्ण बेज़ार साहब पिछले कुछ दिनों से कैंसर से पीड़ित थे लेकिन उन्होंने कभी साहित्य के प्रति अपनी इच्छाशक्ति कम नहीं होने दी उनको आठ मार्च को ही कैंसर का पता चला तो उसके बाद भी पी जी आई चंडीगढ़ में इलाज करवाते वक्त भी वे अप्रैल में पंचकूला हरियाणा साहित्य अकादमी के कार्यक्रम में पहुँचे और उसके बाद जब हालत बेहद नाजुक हो गई तो हमसे कहने लगे कि मेरा वक्त आ गया है मेरे लिए आखिरी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाए जिसे अदबी संगम कुरूक्षेत्र ने "जश्ने बेज़ार " के नाम से मई में पंचायत भवन कुरूक्षेत्र में आयोजित किया गया जिसमें दूर दराज के शायरों ने भी भाग लिया वे ताउम्र साहित्य सेवा में तत्लीन रहे बेलौस,बेलाग ज़हनीयत के मालिक व शायरी में हाजिर जवाबी , भारत ही नहीं पाकिस्तान तक के शायरों के  हज़ारों शेरों को याद रखने वाले व मंच संचालन में माहिर तथा बेखौफ व्यक्तित्व के धनी आदरणीय बाल कृष्ण बेज़ार साहब का जन्म 20.04.1941को अमीन गाँव में हुआ था और वे 76 वर्ष की आयु में कल हमारे बीच से विदा हो गये ।
उनका शेर है - "ठोकरें उसने ही खाई हैं जमाने भर की,
एक वो शख़्स जो दुनिया का भला करता था "

अदबी संगम कुरूक्षेत्र की कार्यकारिणी उनके परिवार को श्रद्धांजलि भेंट करता है और उनकी आत्मा की शांति के लिए परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करता है ।

अदबी संगम कुरूक्षेत्र 
: कुरूक्षेत्र की सबसे पुरानी साहित्य संस्था अदबी संगम कुरूक्षेत्र के प्रधान श्री बाल कृष्ण बेज़ार हमारे बीच नहीं रहे ।
कुरूक्षेत्र :- कुरूक्षेत्र में उर्दू अदब की पैंतीस साल पुरानी संस्था के
संस्थापक सदस्यों में से एक व वर्तमान में अदबी संगम कुरूक्षेत्र के प्रधान
श्री बाल कृष्ण बेज़ार साहब हमारे बीच नहीं रहे ।
बाल कृष्ण बेज़ार साहब पिछले कुछ दिनों से कैंसर से पीड़ित थे लेकिन उन्होंने
कभी साहित्य के प्रति अपनी इच्छाशक्ति कम नहीं होने दी उनको आठ मार्च को ही
कैंसर का पता चला तो उसके बाद भी पी जी आई चंडीगढ़ में इलाज करवाते वक्त भी वे
अप्रैल में पंचकूला हरियाणा साहित्य अकादमी के कार्यक्रम में पहुँचे और उसके
बाद जब हालत बेहद नाजुक हो गई तो हमसे कहने लगे कि मेरा वक्त आ गया है मेरे
लिए आखिरी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाए जिसे अदबी संगम कुरूक्षेत्र ने
"जश्ने बेज़ार " के नाम से मई में पंचायत भवन कुरूक्षेत्र में आयोजित किया गया
जिसमें दूर दराज के शायरों ने भी भाग लिया वे ताउम्र साहित्य सेवा में तत्लीन
रहे बेलौस,बेलाग ज़हनीयत के मालिक व शायरी में हाजिर जवाबी , भारत ही नहीं
पाकिस्तान तक के शायरों के  हज़ारों शेरों को याद रखने वाले व मंच संचालन में
माहिर तथा बेखौफ व्यक्तित्व के धनी आदरणीय बाल कृष्ण बेज़ार साहब का जन्म
20.04.1941को अमीन गाँव में हुआ था और वे 76 वर्ष की आयु में कल हमारे बीच से
विदा हो गये ।
उनका

शुक्रवार, 18 अगस्त 2017

आलेख - नाम की भूख

नाम की भूख
   यूँ तो हर व्यक्ति में नाम की भूख होती है लेकिन कुछ अपरिपक्व साहित्यकारों में यह भूख चरम सीमा पर मिलती है पिछले दिनों का किस्सा यूँ घटित हुआ कि कवि सम्मेलन में शामिल कवि जब देश भक्ति पर अपनी वही पुरानी घिसीपिटी या कहिए किसी किसी की पंक्तियों को जोड़कर देश भक्ति कविता कहने लगे तो सुनने वालों को आयोजन तो बहुत अच्छा लगा लेकिन कविताएँ ज़ज्बा नहीं जगा पा रही थी श्रोताओं को मज़ा नहीं आ रहा था तो कवि चिल्ला चिल्ला कर तालियाँ माँग रहे थे और श्रोता कंजूसी करते जा रहे थे ।

खैर इसी कवियों और श्रोताओं की कमकस में कवि सम्मेलन पूर्ण हुआ तो एक पागल कवि ने जिम्मेदारी न होते हुए जब कोई जिम्मेदार अपना काम नहीं कर पा रहा था काफी समय से तो उसने कवि सम्मेलन की रिपोर्ट समाचार पत्र में जारी करने के लिए लिखने लगा
एक तो कवि सम्मेलन निर्धारित समय से देर से समाप्त हो रहा था दूसरा समाचार पत्रों में समाचार लिखने का समय लगभग जा रहा था तो उस पागल ने कवियों के नाम लिखते लिखते एक महान कवि का नाम न लिखने की भूल करते हुए विज्ञप्ति लिख डाली और अपने नाम का क्लेश कर डाला । जब समाचार पत्रों में समाचार आया तो महान कवि को बहुत गुस्सा आया और गुस्से का इजहार बहुत नाटकीय ढंग से जाहिर किया जो क़ाबिले गौर है उन्होंने सभी को कहा कि समाचार बनाने वाले ने साहित्य की बेइज्जती की है अर्थात उनका नाम न आने से साहित्य की बेइज्जती हो गई यदि उनका नाम आ गया होता तो वे फिर कुछ न देखते हुए पागल कवि को महान कहते हुए साहित्य का पुरोधा की उपाधि दे देते ।
साहित्यकारों में नाम की भूख चरम सीमा पर मिलती है इस वाक्या से पता चलता है कि सब भूखों में सबसे बड़ी भूख नाम की भूख है । 

शेर - जो पीछे से वार करता है

जो भी पीछे से वार करता है।
दुश्मनी बेशुमार करता है।।।

जिसकी अपनी नहीं कोई इज्जत,
औरों की तार-तार करता है।।  सुजान

बुधवार, 2 अगस्त 2017

एक शेर

वो मुझे पागल कहेंगें और खुश हो जाएंगें
और हम पागल बनेंगें और खुश हो जाएंगें

कोशिशें मैं भी करूँगा खुद बदलने की मगर
लोग कम से कम हंसेंगें और खुश हो जाएंगें

उनके खातिर मसख़रा बनकर गली में जाउंगा
फिर मुझे बच्चे पढ़ेंगें और खुश हो जाएंगें



सुजान

शेर

हम समझ जायें जहाँ को, ये जरूरी तो नहीं
आज तक हम पास बैठों को समझ पाये नहीं ।

सुजान

रविवार, 30 जुलाई 2017

कविता -बेटे की चाह

वो लडकियों से नफ़रत तो नहीं करते

लेकिन बेटे से प्यार तो करते हैं

वो ऐसे माँ-बाप हैं, जो

अपनी शादी के लिये

तो सुन्दर लडकी की तलाश में निकलते हैं

लेकिन अपने घर में लडकी नहीं देख सकते

बेटे की चाह में वे….

तांत्रिकों तक जा पहुंचते हैं

और अपनी बुद्दि को ठेके पर दे देते हैं

और फिर शुरू करते हैं

दूसरों के बेटों का क़त्लेआम

और फिर भी बेटा नहीं पाते

लेकिन जब कोई दिखने में बेवकूफ

और सच में सही तांत्रिक मिलता है

जो उनकी रग को पहचान कर

करता है डाक्टरी इलाज……..,…………

और उस पुरूष को पहचान कर

उसकी स्त्री से करता है सम्बन्ध

और कर देता है उसे गर्भवती

मिलता है उनको पुत्ररत्न

वे खुश हो जाते हैं

तांत्रिक की विधा पर

न्योछवर करते हैं और भी बहुत कुछ

लेकिन वो स्त्री जानती है

कि कैसे प्राप्त हुआ है पुत्र

और पहचानती है पुरूष की मानसिकता को

नहीं बोलती कभी भी बडा सच

कैसा उबड-खाबड और समुद्र सा है

उसका सीना…..

कौन जाने क्या –क्या होता है

उसके सीने के पार भी…………….

…….सूबे सिंह सुजान…..